महाराष्ट्र सरकार ने राज्‍य में सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के लिए महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास निगम की स्थापना को स्‍वीकृति दी

महाराष्ट्र सरकार ने राज्‍य में अच्छी गुणवत्ता वाली सड़कों के निर्माण में तेजी लाने और रखरखाव तथा मरम्मत के लिए महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास निगम की स्थापना को स्‍वीकृति दे दी है। मुंबई में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में आज इस निगम के लिए प्रारंभिक पूंजी के रूप में 100 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। महाराष्ट्र में लगभग एक लाख किलोमीटर सडकें, लोक निर्माण विभाग के दायरे में हैं। मंत्रिमंडल ने सभी नागरिक निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सूचना और संचार प्रौद्योगिकी पर आधारित समाधान का उपयोग करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के अंतर्गत लगभग 578 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।

महाराष्ट्र सरकार ने समुद्री विज्ञान, समुद्री जीव विज्ञान, समुद्री मत्स्य पालन सहित सूक्ष्म जीव विज्ञान और जैव विविधता के क्षेत्र में मान्यता प्राप्त विदेशी विश्वविद्यालयों में शोध अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। सरकार ने इसके लिए 31 करोड़ 50 लाख रुपये की स्‍वीकृति दी है। राज्य मंत्रिमंडल ने पुणे के शिरूर तालुका में एक अरब 46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 350 बिस्तरों का क्षेत्रीय मनोरोग अस्पताल स्थापित करने को भी स्‍वीकृति दी है।

Leave a Comment